यूपी में सभी 75 जिलों में लॉकडाउन 27 मार्च तक बढ़ा, DM को कर्फ्यू लगाने की छूट

लखनऊ,  कोरोना वायरस के कहर से बचाव को लेकर बेहद गंभीर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश में 25 मार्च की शाम छह बजे के 17 जिलों के लॉकडाउन को अब 27 मार्च तक बढ़ा दिया है। अब प्रदेश के सभी 75 जिलों को लॉकडाउन किया जाएगा। इसके साथ ही सभी जिलों तथा प्रदेश को दूसरे राज्यों से जोडऩे वाली सीमाओं को भी सील किया गया है। लॉकडाउन के दौरान भी अगर जिलों में लोगों ने अराजकता की तो फिर वहां के डीएम कर्फ्यू लगाने का फैसला लेंगे।


मुख्यमंत्री ने बताया कि स्थिति काफी गंभीर है। करीब एक लाख से ज्यादा लोग विदेशों से या फिर अन्य राज्यों से प्रदेश में आए हैं। वह लोग कहां हैं कैसे हैं इसकी जानकारी लगाई जा रही है। लिहाजा सरकार की तरफ से अब सभी जिलों में लॉकडाउन जैसे सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश में पहले 25 तक 18 जिलों में लॉकडाउन की घोषणा की गई थी। अब उसको बढ़ाकर अब प्रदेश के सभी जिलों में लागू करने का फैसला लिया गया है। इस तरह से 25 मार्च से तीन दिनों तक पूरे प्रदेश में लॉक डाउन रहेगा। इसके साथ ही लॉकडाउन की स्थिति में कालाबाजारी से निपटने के लिए कहा कि जरूरत के सामान पर ज्यादा पैसे लिए गए तो कार्रवाई होगी। राज्य परिवहन की एक भी बस न चलें। डीएम सुनिश्चित करें। इस दौरान एंबुलेंस तथा आवश्यक सामान लाने वाली वाहनों को छूट मिलेगी।